वाराणसी के दशाश्वमेध थाना क्षेत्र के गोदौलिया चौराहे पर नो-व्हीकल जोन में बाइक संचालन को लेकर सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि प्रतिबंधित क्षेत्र में कुछ बाइक चालक यात्रियों को बैठाकर आवाजाही कर रहे हैं और इसके बदले उनसे किराया भी लिया जा रहा है। कई चालक बिना हेलमेट के बाइक चलाते दिखाई दे रहे हैं। इन बाइकों का स्थानीय होना या दूसरे क्षेत्र से आना भी स्पष्ट नहीं है।
बताया गया कि गोदौलिया चौराहे पर मारवाड़ी अस्पताल के सामने एक ओला बाइक पर तीन सवारियां बैठी थीं और चालक ने हेलमेट भी नहीं लगाया था। जब एक पत्रकार ने मामले की जानकारी लेने और फोटो लेने का प्रयास किया तो आरोप है कि बाइक चालक ने अभद्रता करते हुए मोबाइल छीनने की कोशिश की। बाइक का नंबर UP 61 AM 9616 बताया गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि विश्वनाथ धाम से कालभैरव मंदिर तक आने-जाने वाले श्रद्धालुओं के बीच नो-व्हीकल जोन में इस तरह बाइक चलने से व्यवस्था और सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों ने पुलिस और यातायात विभाग से ऐसे वाहनों की जांच करने, नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करने और यह सुनिश्चित करने की मांग की है कि प्रतिबंधित क्षेत्र में यात्रियों को बाइक से ले जाने का सिलसिला रोका जाए।


