वाराणसी के बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) स्थित कुश्ती केंद्र में चल रही 67वीं पुरुष अखिल भारतीय अंतर-रेलवे कुश्ती प्रतियोगिता 2026-27 के दूसरे दिन पहलवानों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। फ्रीस्टाइल के 65, 86 और 125 किग्रा भार वर्ग में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर सेमीफाइनल में जगह बनाई। 65 किग्रा में वेस्टर्न रेलवे के अजय, नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे के नीरज, नॉर्थ सेंट्रल रेलवे के उदित और बरेका के दीपांशु अंतिम चार में पहुंचे। वहीं 86 किग्रा में रेलवे कोच फैक्टरी के संजीव, बरेका के सचिन गिरी, वेस्टर्न रेलवे के परमीत और नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे के सचिन ने सेमीफाइनल का टिकट हासिल किया।
125 किग्रा फ्रीस्टाइल में नॉर्दर्न रेलवे के अनिरुद्ध, सेंट्रल रेलवे के महेंद्र गाई, वेस्टर्न रेलवे के अमन राठी और नॉर्थ सेंट्रल रेलवे के जोंटी कुमार ने जीत दर्ज कर अंतिम चार में जगह बनाई। दूसरी ओर ग्रीको-रोमन के मुकाबलों में भी पहलवानों ने दमखम दिखाया। 60 किग्रा में पूर्वोत्तर रेलवे के मनीष और नॉर्दर्न रेलवे के सूरज सेमीफाइनल में पहुंचे। 67 किग्रा में नॉर्थ सेंट्रल रेलवे के विकास, वेस्टर्न रेलवे के सचिन, सेंट्रल रेलवे के विक्रम कुर्द और अनिल ने जगह बनाई। 77 किग्रा में बरेका के सागर ठाकरान, ईस्ट सेंट्रल रेलवे के अमित, नॉर्दर्न रेलवे के विकास और वेस्टर्न रेलवे के सचिन ने अंतिम चार में प्रवेश किया।
97 किग्रा ग्रीको-रोमन में पूर्वोत्तर रेलवे के वीरेश कुंडु, वेस्टर्न रेलवे के नितेश कुमार, नॉर्थ सेंट्रल रेलवे के रवि और सेंट्रल रेलवे के विनोद गोरे सेमीफाइनल में पहुंचे। मुकाबलों के दौरान पहलवानों ने ताकत, तकनीक और फुर्ती का प्रदर्शन किया, जिससे दर्शकों में भी उत्साह बना रहा। बरेका के खिलाड़ियों के मुकाबलों के दौरान दर्शकों ने उनका जमकर उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता में राजीव तोमर, संदीप यादव, पप्पू यादव और कृपा शंकर बिश्नोई जैसे अनुभवी पहलवानों की मौजूदगी भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।


