डाफी में फंसा 200 टन का भारी ट्रेलर, रास्ता बनाने में जुटी टीमें

ओडिशा से करीब 200 टन वजनी वेसल लेकर निकला विशाल बॉयलर लदा ट्रेलर अब वाराणसी पहुंच गया है। झारखंड और बिहार के रास्ते चंदौली के नौबतपुर से यूपी में प्रवेश करने के बाद ट्रेलर को बेहद धीमी रफ्तार से आगे बढ़ाया जा रहा है। करीब 308 पहियों वाले इस भारी वाहन को रास्ते में कई जगहों पर पुल, ओवरब्रिज, बिजली लाइन और सड़क की चौड़ाई जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ा।

वाराणसी में ट्रेलर को आगे निकालने के लिए डाफी टोल प्लाजा के पास करीब 300 मीटर का वैकल्पिक रास्ता तैयार किया गया है। ट्रेलर को रिंग रोड की ओर ले जाने के लिए रास्ते में कई स्थानों पर बदलाव किए जा रहे हैं। दो इंजन और दो जेसीबी की मदद से इसे आगे बढ़ाया जा रहा है। भारी वजन के कारण ट्रेलर की गति करीब एक किलोमीटर प्रति घंटे तक सीमित है और रात में इसे रोककर दिन में ही आगे बढ़ाया जा रहा है।

यह ट्रेलर ओडिशा के पारादीप बंदरगाह से सड़क मार्ग से चला था। झारखंड में रांची के पास नगड़ी टोल प्लाजा और पिस्का रेलवे क्रॉसिंग पार करने के बाद बिहार में प्रवेश किया और औरंगाबाद, रोहतास, कैमूर होते हुए चंदौली पहुंचा। अब इसे वाराणसी से गाजीपुर और आजमगढ़ होते हुए लखीमपुर खीरी ले जाया जाएगा, जहां बॉयलर को बलरामपुर चीनी मिल की यूनिट और एथेनॉल प्लांट में लगाया जाएगा। रास्ते में जरूरत के अनुसार तकनीकी टीम पहले पहुंचकर सड़क तैयार कर रही है।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post