बारिश के बीच भी बाबा लाट भैरव के तिलकोत्सव में दिखा भक्तों का उत्साह, बाबा के भाल पर चढ़ाया तिलक, जयकारों से गूंजा क्षेत्र

अनादिकालेश्वर बाबा श्री कपाल भैरव यानी प्रसिद्ध बाबा लाट भैरव के तिलकोत्सव की परंपरा पूरे उत्साह और भक्ति भाव के साथ निभाई गई। तेज बारिश के बावजूद भक्तों की आस्था कम नहीं हुई। डीजे और बैंड-बाजे की धुन पर श्रद्धालु झूमते-नाचते तिलक शोभायात्रा में शामिल हुए। मध्य रात्रि विशेश्वरगंज सब्जी मंडी में तिलकहरुओं ने बाबा लाट भैरव को तिलक अर्पित किया।

श्री कपाल भैरव अथवा लाट भैरव प्रबंधक समिति के तत्वावधान में आयोजित तिलकोत्सव के लिए कज्जाकपुरा स्थित मंदिर प्रांगण में देर शाम से ही तिलक सामग्री सजने लगी। भव्य आरती के बाद तिलक सामग्री को श्रद्धालु पारंपरिक रूप से सिर पर रखकर वाहन तक ले गए। बारिश के कारण शोभायात्रा कुछ देर से शुरू हुई, लेकिन भक्तों का उत्साह बरकरार रहा।

मुख्य अतिथि विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने गणेश प्रतिमा और पीले अक्षत से सजी परात सिर पर धारण कराकर तिलक शोभायात्रा का शुभारंभ किया। शोभायात्रा में 101 थाल तिलक सामग्री के साथ धर्म ध्वजा, बैंड-बाजा, डमरू दल और डीजे आकर्षण का केंद्र रहे। शोभायात्रा जलालीपुरा, तेलियाना, हनुमान फाटक, बलुआबीर, अंबियामंडी, कतुआपुरा, जतनबर और भैरवनाथ चौराहा होते हुए विशेश्वरगंज सब्जी मंडी पहुंची। यहां समिति के उपाध्यक्ष बसंत सिंह राठौर ने तिलकहरुओं का आलिंगन कर स्वागत किया। तिलक सामग्री में पांच प्रकार के फल, विभिन्न प्रकार के नैवेद्य, वस्त्र-आभूषण, पुष्पहार, दही, खोवे की मछली, कारन, बनारसी पान और ताम्बूल समेत अन्य सामग्री शामिल रही।

इसके बाद शीतला माता मंदिर प्रांगण में विराजमान बाबा लाट भैरव के भव्य रजत मुखौटे पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच तिलक चढ़ाया गया। आचार्य रविंद्र त्रिपाठी के आचार्यत्व में समिति अध्यक्ष एवं पार्षद रोहित जायसवाल ने बाबा को तिलक अर्पित किया। भैरवाष्टक और भैरव स्तुति के बीच तिलकोत्सव संपन्न हुआ। बाबा लाट भैरव के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। तिलक संयोजक नंदलाल प्रजापति, प्रधानमंत्री मुन्ना लाल यादव, कोषाध्यक्ष छोटन केशरी, मंत्री विक्रम सिंह राठौर, मीडिया प्रभारी शिवम अग्रहरि सहित समिति के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post