वाराणसी में बाबा लाट भैरव के पांच दिवसीय विवाहोत्सव का शुभारंभ 23 सितंबर को तिलकोत्सव के साथ होगा। विशेश्वरगंज स्थित शीतला माता मंदिर प्रांगण में बाबा के भाल पर तिलक सजाया जाएगा। शाम 5 बजे लाट भैरव मंदिर से तिलक शोभायात्रा विशेश्वरगंज के लिए रवाना होगी। तिलक की सामग्री को 101 थाल और परातों में सजाया जा रहा है, जिसमें बाबा के नवीन वस्त्राभूषण, पुष्पहार, नैवेद्य, फल, सूखे मेवे और पूजन सामग्री शामिल हैं।
श्री कपाल भैरव अथवा लाट भैरव प्रबंधक समिति के अध्यक्ष रोहित जायसवाल के अनुसार, विवाहोत्सव के पांचों दिन बाबा अलग-अलग रंगों के बनारसी कारीगरी वाले रेशमी वस्त्रों में दर्शन देंगे। तिलक के दिन गुलाबी, हल्दी उत्सव में पीतांबर, मेहंदी में हरे, विवाह के दिन लाल और खिचड़ी भंडारे के दिन धानी रंग के वस्त्र पहनाए जाएंगे। 24 सितंबर को हल्दी, 25 सितंबर को मेहंदी, 26 सितंबर को बारात और 27 सितंबर को खिचड़ी भंडारे का आयोजन होगा।
तिलकोत्सव की तैयारियां नउवा पोखर स्थित कैंप कार्यालय में चल रही हैं। युवा कार्यकर्ताओं की टोली 101 थालों में तिलक सामग्री को आकर्षक ढंग से सजाने में जुटी है। समिति के प्रधानमंत्री मुन्ना लाल यादव ने बताया कि तिलक में विभिन्न प्रकार के फल, सूखे मेवे, पुष्पहार, नैवेद्य और अन्य पूजन सामग्री शामिल की जा रही है। तैयारियों में मंत्री विक्रम सिंह राठौर, निक्की जायसवाल, हिमांशु अग्रहरि, अंकित जायसवाल और नवीन कुमार समेत अन्य कार्यकर्ता जुटे हैं।


