वाराणसी के भेलूपुर थाना क्षेत्र के महमूरगंज में शुक्रवार को पिता-पुत्र के बीच विवाद के दौरान लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली चल गई। गोली लगने से 32 वर्षीय प्रवीण कुमार सिंह घायल हो गए। परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
महमूरगंज की लोहित रेजिडेंसी न्यू कॉलोनी निवासी बिंदा सिंह और उनके बेटे प्रवीण कुमार सिंह के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। बताया गया कि विवाद बढ़ने पर प्रवीण ने अपने पिता की लाइसेंसी रिवॉल्वर ले ली। इसके बाद दोनों के बीच रिवॉल्वर को लेकर छीना-झपटी होने लगी। इसी दौरान अचानक गोली चल गई, जिसकी चपेट में आकर प्रवीण घायल हो गए।
गोली चलने के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी और घायल प्रवीण को ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। भेलूपुर पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में रिवॉल्वर को लेकर पिता-पुत्र के बीच हुई छीना-झपटी के दौरान गोली चलने की बात सामने आई है। पुलिस घटना के पूरे क्रम और गोली चलने की परिस्थितियों की जांच कर रही है।


