वाराणसी में बीएचयू के कार्डियोथोरेसिक सर्जन और पद्मश्री प्रो. टीके लाहिड़ी से जुड़े थप्पड़ विवाद में नया मोड़ आया है। मामले में मुख्यमंत्री कार्यालय ने पुलिस कमिश्नर से रिपोर्ट मांगी थी। यह कार्रवाई अर्दली बाजार निवासी सुधांशु कुमार सिंह की ओर से 7 सितंबर को आईजीआरएस (सीएम पोर्टल) पर दर्ज शिकायत के आधार पर की गई। शिकायत में प्रो. टीके लाहिड़ी से जुड़े विवाद की जांच कर कार्रवाई की मांग की गई थी।
बताया गया कि 6 सितंबर को बीएचयू में इलाजरत प्रो. टीके लाहिड़ी को उनकी देखरेख कर रहे विभाग के एक एसोसिएट प्रोफेसर द्वारा थप्पड़ मारने का मामला सामने आया था। इसके बाद प्रो. लाहिड़ी के परिजनों ने विश्वविद्यालय प्रशासन को ईमेल के जरिए शिकायत दी। मामला सामने आने के बाद अस्पताल पहुंचने वाले नेताओं को लेकर भी चर्चा हुई। राज्य मंत्री रविंद्र जायसवाल ने भी अस्पताल पहुंचकर प्रो. लाहिड़ी से मुलाकात की थी। मामले की जांच के लिए उनके निर्देश पर 10 सदस्यीय समिति गठित की गई थी, जबकि बीएचयू प्रशासन की ओर से गठित जांच समिति भी अब तक अपनी जांच पूरी नहीं कर पाई है।
मुख्यमंत्री कार्यालय से रिपोर्ट मांगे जाने के बाद पुलिस स्तर पर मामले की जांच कर रिपोर्ट भेजी गई है। अपर पुलिस उपायुक्त प्रोटोकॉल की ओर से तैयार रिपोर्ट 30 सितंबर को मुख्यमंत्री कार्यालय भेजी गई। अब इस रिपोर्ट के आधार पर मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से आगे क्या कार्रवाई की जाती है, इस पर नजर है।


