वाराणसी स्नातक खंड से एमएलसी प्रत्याशी पंकज कुमार सिंह ‘डब्लू’ ने सोमवार को अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन के अवसर पर पहाड़ी गेट, बीएलडब्ल्यू से समर्थकों के साथ भव्य जुलूस निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में समर्थक शामिल हुए।
जुलूस के दौरान विभिन्न स्थानों पर समर्थकों और शुभचिंतकों ने पंकज कुमार सिंह ‘डब्लू’ का माल्यार्पण कर और अंगवस्त्रम भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान समर्थकों में उत्साह नजर आया। जुलूस पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंचा, जहां पंकज कुमार सिंह ‘डब्लू’ ने नियमानुसार प्रस्तावकों के साथ अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
नामांकन के बाद पंकज कुमार सिंह ‘डब्लू’ ने सभी समर्थकों और शुभचिंतकों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि वह हमेशा जनहित के लिए तत्पर रहे हैं और आगे भी जनता की सेवा उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि स्नातकों और शिक्षकों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने के लिए निरंतर प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने वाराणसी, बलिया, गाजीपुर, चंदौली, जौनपुर, भदोही, मिर्जापुर और सोनभद्र समेत आठों जिलों की आवाज को एकजुट करने का संकल्प दोहराया।


