यूपी कॉलेज में 14 से 18 अक्तूबर तक एआई की स्पेशल क्लास, 500 रुपये शुल्क

यूपी कॉलेज में पीजी और पीएचडी छात्रों के साथ प्रोफेसरों के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की पांच दिवसीय विशेष ऑनलाइन कक्षा आयोजित की जाएगी। 14 से 18 अक्तूबर तक चलने वाले इस फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम (एफडीपी) में शामिल होने के लिए 500 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। इच्छुक छात्र और शिक्षक 12 अक्तूबर तक पंजीकरण करा सकेंगे।

कार्यक्रम में पढ़ाई और शोध के क्षेत्र में एआई के व्यावहारिक इस्तेमाल की जानकारी दी जाएगी। प्रतिभागियों को लिटरेचर रिव्यू, रिसर्च गैप की पहचान, डेटा कलेक्शन, डेटा एनालिसिस और विजुअलाइजेशन जैसे कार्यों में एआई के उपयोग के बारे में बताया जाएगा। इसके साथ ही जनरेटिव एआई की मदद से अकादमिक लेखन, प्लेगरिज्म से बचाव और शोध में एआई के जिम्मेदार इस्तेमाल पर भी प्रशिक्षण दिया जाएगा।

कार्यक्रम के अलग-अलग दिनों में रिसर्च, साहित्य सर्वे, रिसर्च इंस्ट्रूमेंट्स, डेटा कलेक्शन, स्रोतों और आंकड़ों के अध्ययन, अकादमिक लेखन व रेफरेंसिंग से जुड़े विषयों पर कक्षाएं होंगी। अंतिम दिन प्रतिभागियों को एआई टूल्स का खुद इस्तेमाल करते हुए शोध प्रस्ताव तैयार करने का व्यावहारिक अनुभव दिया जाएगा। उपस्थिति और मूल्यांकन परीक्षण के आधार पर सफल प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र भी प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन कॉलेज के एआईयू-अकादमिक एवं प्रशासनिक विकास केंद्र (एएडीसी) की ओर से किया जा रहा है।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post