दालमंडी चौड़ीकरण में 5 मकानों पर चला बुलडोजर, 200 पुलिसकर्मी तैनात

वाराणसी की दालमंडी मार्केट चौड़ीकरण योजना के तहत सोमवार को पांच मकानों को हटाने की कार्रवाई शुरू हुई। पीडब्ल्यूडी की टीम ने जेसीबी से ध्वस्तीकरण का काम कराया। कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब 200 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, जिसमें महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। कार्रवाई से पहले रविवार को मुनादी कराकर संबंधित लोगों से मकान खाली करने को कहा गया था।

दालमंडी चौड़ीकरण के लिए कुल 181 मकानों को चिह्नित किया गया था। इनमें से अधिकांश मकान पहले ही हटाए जा चुके हैं। पीडब्ल्यूडी के अभियंता केके सिंह के अनुसार, संबंधित मकान मालिकों को मुआवजा दिया जा चुका है। बचे मकानों को हटाने के बाद सड़क निर्माण का काम तेज होगा। क्षेत्र में गहरी सीवर लाइन बिछाने और बिजली के तारों को भूमिगत करने का काम भी चल रहा है।

एसीपी दशाश्वमेध डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि पीडब्ल्यूडी की मांग पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए करीब 200 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इनमें महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। अधिकारियों का कहना है कि कार्रवाई के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। दालमंडी में चौड़ीकरण के लिए ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया पिछले साल 29 अक्टूबर से शुरू हुई थी और जुलाई तक चली थी।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post