दशाश्वमेध थाना परिसर में दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने पूजा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए। थाना प्रभारी ने कहा कि सभी पूजा समितियां सुरक्षा नियमों का पालन करें। पंडालों के मुख्य द्वार पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। इसके साथ ही महिला शक्ति केंद्र के बैनर लगाने, पानी और बालू से भरी अग्निशमन टंकियां रखने तथा सुरक्षा व्यवस्था में लगे समिति के सदस्यों के पहचान पत्र बनाने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने बताया कि पंडालों में एंटी रोमियो टीम भी भ्रमण करेगी और पुलिसकर्मी लगातार निरीक्षण करते रहेंगे। किसी भी तरह की समस्या होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई, ताकि उसका त्वरित समाधान कराया जा सके।
बैठक में थाना प्रभारी ने पूजा समितियों के पदाधिकारियों की समस्याएं भी सुनीं और कहा कि सभी के सहयोग से व्यवस्था बेहतर बनाए रखी जाएगी। वहीं, एयर शो को लेकर उन्होंने लोगों से अपने-अपने घरों से ही आसमान में होने वाले एयर शो का नजारा देखने की अपील की।


