प्रयागराज के छोटा बघाड़ा इलाके में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। 37 वर्षीय रोहित सोनकर ने कथित तौर पर अपनी पत्नी से वीडियो कॉल पर बातचीत के दौरान फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। गुरुवार सुबह परिजनों को घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों के अनुसार, रोहित की पत्नी निशा पिछले रविवार से अपने दो बच्चों के साथ झूंसी स्थित मायके में रह रही थीं। रोहित लगातार पत्नी और बच्चों को वापस घर लाने की कोशिश कर रहे थे। बुधवार को वह अपने छोटे भाई राहुल के साथ पत्नी को लेने भी गए थे, लेकिन पत्नी उनके साथ लौटने को तैयार नहीं हुई।
बताया गया कि बुधवार रात रोहित पत्नी से वीडियो कॉल पर बात कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने घर में फांसी लगा ली। सुबह जब परिवार के लोग जागे तो उनका शव फंदे से लटका मिला। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।मृतक के भाई राहुल ने आरोप लगाया कि रोहित अपनी पत्नी और बच्चों से बेहद लगाव रखते थे। उन्होंने पत्नी और सास पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया और कहा कि इसी तनाव के चलते रोहित ने यह कदम उठाया। परिवार का कहना है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और हाल ही में दोनों अलग-अलग रह रहे थे।पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह जानने के लिए परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Tags
Trending


