अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सिगरा पुलिस ने रोडवेज बस स्टेशन के पास से करीब 37 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब के साथ तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से विभिन्न ब्रांड की 33 पाउच एवं 153 पाउच-बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों में बिहार के भोजपुर निवासी लड्डू कुमार, नालंदा निवासी कौशल कुमार तथा चंदेश्वर पासवान शामिल हैं। लड्डू कुमार के कब्जे से करीब 6 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जबकि कौशल कुमार और चंदेश्वर पासवान के पास से 30.99 लीटर विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब मिली।
इस संबंध में थाना सिगरा में आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपितों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्रा, उपनिरीक्षक प्रशांत कुमार बंधु सहित थाना सिगरा के कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।


