जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर में सड़क हादसे के रूप में सामने आई महिला की मौत की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जांच में पता चला कि यह दुर्घटना नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या थी। पुलिस ने इस मामले में मृतका की बेटी समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी की तलाश जारी है।पुलिस के अनुसार, महिला के पति की पहले ही मृत्यु हो चुकी थी, जिसके बाद उन्हें अनुकंपा के आधार पर सरकारी नौकरी मिली थी। आरोप है कि बेटी की नजर इस नौकरी और पारिवारिक संपत्ति पर थी। संपत्ति को लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसके चलते उसने अपने चाचा और चचेरे भाई के साथ मिलकर मां की हत्या की साजिश रची।

जांच में सामने आया कि 3 जुलाई की शाम महिला अपने दिव्यांग बेटे को कोचिंग छोड़कर घर लौट रही थीं। इसी दौरान एक तेज रफ्तार एसयूवी ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। शुरुआती तौर पर इसे हिट एंड रन का मामला माना गया, लेकिन मृतका के भाई की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की।सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने पूरे षड्यंत्र का खुलासा किया। जांच में यह भी सामने आया कि हत्या को सड़क दुर्घटना का रूप देने के लिए सुपारी देकर वारदात को अंजाम दिलाया गया था। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई एसयूवी बरामद कर ली है और फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है।
 |
| Advertisement |
 |
| Advertisement |
 |
| Advertisement |