बरेली: शिकायत लेकर थाने पहुंची महिला से दरोगा पर दुष्कर्म का आरोप, जबरन गर्भपात और मारपीट के आरोप के बाद सस्पेंड

उत्तर प्रदेश के बरेली में पुलिस विभाग को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। सिरौली थाने में तैनात दरोगा नरेश बाबू पर एक महिला ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने, जबरन गर्भपात कराने, मारपीट करने और लाखों रुपये व जेवर हड़पने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने आरोपी दरोगा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।

पीड़िता के अनुसार, वह वर्ष 2025 में अपने पति के खिलाफ कार्रवाई कराने के लिए बारादरी थाने गई थी। वहीं तैनात दरोगा नरेश बाबू ने मदद का भरोसा देकर उसका मोबाइल नंबर लिया और नौकरी दिलाने तथा ससुराल पक्ष के खिलाफ कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। महिला का आरोप है कि इसी दौरान दरोगा ने उससे नजदीकियां बढ़ाईं और पत्नी से तलाक लेकर शादी करने का वादा किया।

Advertisement

महिला का कहना है कि अगस्त 2025 में दरोगा उसके घर आया और उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद वह सरकारी आवास पर बुलाकर भी उसका लगातार शोषण करता रहा। आरोप है कि मई 2026 में गर्भवती होने पर दरोगा ने उसे जबरन गर्भपात की दवा खिलाई, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

Advertisement

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी ने उससे करीब 3.25 लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कराए और उसके घर से लगभग आठ लाख रुपये के जेवर भी गायब हो गए। हाल ही में जब उसने शादी का दबाव बनाया तो दरोगा और उसकी पत्नी ने उसके साथ मारपीट की और धमकी देकर भगा दिया।मामले की शिकायत मिलने के बाद एसएसपी अनुराग आर्य ने आरोपी दरोगा को सस्पेंड कर दिया है। जांच एसपी साउथ को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी और विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement


Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post