देहरादून के स्पोर्ट्स कॉलेज में रैगिंग के आरोप, दो छात्र मानसिक तनाव में; प्रशासन ने आरोपों से किया इनकार

देहरादून के महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में रैगिंग को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। दो छात्रों के परिजनों ने आरोप लगाया है कि सीनियर छात्रों द्वारा लगातार प्रताड़ित किए जाने से उनके बच्चे मानसिक तनाव और अवसाद का शिकार हो गए। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि एक छात्र के अभिभावकों ने उसका ट्रांसफर सर्टिफिकेट (टीसी) लेने के लिए आवेदन कर दिया, जबकि दूसरे छात्र को कुछ दिनों के लिए घर ले जाया गया।

परिजनों का कहना है कि हॉस्टल में रहने वाले जूनियर छात्रों से सीनियर छात्र मारपीट करते हैं, उनसे जबरन काम कराते हैं और मानसिक रूप से परेशान करते हैं। बागेश्वर निवासी एक छात्र अपने परिजनों से मिलने के दौरान फूट-फूटकर रो पड़ा, जिसके बाद उसे कुछ समय के लिए घर भेज दिया गया।

दूसरी ओर, ऋषिकेश निवासी छात्र के पिता ने बताया कि उन्होंने 22 जून को कॉलेज से टीसी जारी करने का आवेदन दिया था। उनका कहना है कि डर के कारण छात्र खुलकर शिकायत नहीं कर पाते और ऐसे माहौल का असर उनकी पढ़ाई और खेल दोनों पर पड़ रहा है।

हालांकि, कॉलेज प्रशासन ने रैगिंग के आरोपों को सिरे से खारिज किया है। प्रधानाचार्य राजेश ममगाईं के अनुसार, छात्रों के बीच खेल के दौरान आपसी विवाद और मारपीट की घटना हुई थी, लेकिन रैगिंग जैसी कोई बात सामने नहीं आई। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि टीसी के लिए आवेदन करने वाले छात्र के परिजनों ने तबादले को कारण बताया है, जबकि दूसरे छात्र को उसके अभिभावक अपनी इच्छा से कुछ दिनों के लिए घर ले गए हैं।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post