वाराणसी के दालमंडी क्षेत्र में चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया। जंजीरा शाह के नुक्कड़ के पास ध्वस्तीकरण कार्य के दौरान मलबे से गिरी ईंट एक स्थानीय व्यापारी के सिर पर लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, मदीना कटरा में बैग की दुकान चलाने वाले चुन्नू (चुन्नू बैग वाले) दोपहर में टिफिन लेकर लौट रहे थे। इसी दौरान जंजीरा शाह के नुक्कड़ पर ध्वस्तीकरण का कार्य चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि मौके पर पर्याप्त बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था नहीं थी। तभी अचानक मलबे से एक ईंट उनके सिर पर आ गिरी, जिससे वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े।
घटना के बाद आसपास के मौजूद लोगों ने तत्काल घायल व्यापारी को ई-रिक्शा की मदद से बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी हालत नाजुक बनी हुई है और उनका इलाज ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद भी कार्यदायी संस्था या ठेकेदार का कोई प्रतिनिधि घायल की मदद के लिए सामने नहीं आया। घटना को लेकर क्षेत्र में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है, जिससे राहगीरों की जान खतरे में पड़ रही है।
खबर लिखे जाने तक फिलहाल घटना को लेकर संबंधित अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
