सोनम वांगचुक के समर्थन में अमेरिका से पीएम मोदी को खुला पत्र, सरकार से बातचीत कर निकालने की अपील

जंतर-मंतर पर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और परीक्षा प्रणाली में कथित गड़बड़ियों के विरोध में आमरण अनशन कर रहे सामाजिक कार्यकर्ता और शिक्षा सुधारक सोनम वांगचुक के समर्थन में अमेरिका स्थित भारतीय प्रवासी संगठन 'द हिंदूज फॉर ह्यूमन राइट्स' ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक खुला पत्र लिखा है। पत्र में संगठन ने सरकार से अपील की है कि वह प्रदर्शनकारियों से तुरंत बातचीत शुरू करे और उनकी चिंताओं का समयबद्ध समाधान निकाले। 

संगठन ने कहा कि सोनम वांगचुक और प्रदर्शनकारी छात्रों ने परीक्षा प्रणाली में कथित गड़बड़ियों, शैक्षणिक प्रशासन की कमियों, संस्थागत जवाबदेही और सार्वजनिक व्यवस्था की विफलताओं जैसे गंभीर मुद्दे उठाए हैं। इसलिए सरकार को इन सवालों पर स्पष्ट जवाब देना चाहिए और एक भरोसेमंद तथा समयबद्ध प्रक्रिया बनानी चाहिए, जिससे परीक्षा और भर्ती व्यवस्था में सुधार सुनिश्चित हो सके। 

Advertisement

पत्र में वांगचुक और अनशन पर बैठे छात्रों से भी अपनी सेहत को प्राथमिकता देने की अपील की गई है। संगठन ने कहा कि उनकी आवाज़ भारत ही नहीं, दुनिया भर में सुनी जा रही है और अपनी मांगों की गंभीरता साबित करने के लिए उन्हें अपनी जान जोखिम में नहीं डालनी चाहिए। साथ ही सरकार से मांग की गई कि वह प्रदर्शनकारियों से मिलने के लिए अधिकृत प्रतिनिधि भेजे, उन्हें बिना किसी बाधा के चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराए और परीक्षा व भर्ती से जुड़े आरोपों पर पारदर्शी सार्वजनिक जवाब दे। इस बीच, दिल्ली हाई कोर्ट ने भी सोनम वांगचुक की बिगड़ती सेहत पर चिंता जताई है। अदालत ने केंद्र और दिल्ली सरकार के अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे रोज़ाना उनके स्वास्थ्य की निगरानी करें और जरूरत पड़ने पर तुरंत चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराएं। अदालत ने कहा कि "जिंदगी कीमती है" और उसे बचाने के लिए सभी आवश्यक चिकित्सीय प्रयास किए जाने चाहिए। चिकित्सकों को नियमित रूप से उनकी स्वास्थ्य स्थिति की जांच करने का भी निर्देश दिया गया है। 

Advertisement

बताया जा रहा है कि अनशन के 19वें दिन तक सोनम वांगचुक का वजन 9 किलोग्राम से अधिक घट चुका है और डॉक्टर उनकी सेहत को लेकर लगातार चिंता जता रहे हैं। वहीं विभिन्न राजनीतिक नेताओं, सामाजिक संगठनों और कई सार्वजनिक हस्तियों ने भी सरकार से बातचीत के जरिए इस गतिरोध का समाधान निकालने और वांगचुक से अनशन समाप्त करने की अपील की है।

Advertisement


Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post