काशी हिंदू विश्वविद्यालय में BFA प्रवेश परीक्षा-2026 में कथित अनियमितताओं और छात्रों से मारपीट के विरोध में बुधवार को छात्रों ने केंद्रीय कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। छात्रों का आरोप है कि 25 अगस्त को परीक्षा में धांधली के खिलाफ शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सुरक्षाकर्मियों ने छात्रों से मारपीट और बदसलूकी की।
छात्र संगठनों ने आरोप लगाया कि कुछ छात्रों को जमीन पर गिराकर घसीटा गया और छात्राओं के साथ भी कथित तौर पर मारपीट की गई। घटना के दौरान मोबाइल फोन छीने जाने का भी आरोप लगाया गया।छात्रों ने 27 अगस्त को कुलपति को ज्ञापन सौंपा था, लेकिन कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए बुधवार को फिर केंद्रीय कार्यालय पहुंचे।
उन्होंने BFA प्रवेश परीक्षा की स्वतंत्र जांच, छात्रों के अंक व कटऑफ सार्वजनिक करने, घटना में शामिल सुरक्षाकर्मियों पर कार्रवाई और चीफ प्रॉक्टर की जवाबदेही तय करने की मांग की।छात्रों ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन के अधिकार का सम्मान करने और प्रदर्शनकारी छात्रों को नोटिस देकर डराने की कार्रवाई रोकने की भी मांग की।


