वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में आयोजित 67वीं पुरुष अखिल भारतीय अंतर-रेलवे कुश्ती प्रतियोगिता 2026-27 के दूसरे दिन फ्रीस्टाइल और ग्रीको-रोमन वर्ग में पहलवानों के बीच रोमांचक मुकाबले हुए। देशभर से पहुंचे रेलवे के पहलवानों ने विभिन्न भार वर्गों में दमखम और तकनीकी कौशल का प्रदर्शन किया।
दूसरे दिन बरेका के तीन पहलवानों ने रजत पदक हासिल कर मेजबान टीम का मान बढ़ाया। फ्रीस्टाइल 65 किग्रा में दीपांशु, ग्रीको-रोमन 77 किग्रा में सागर ठाकरान और फ्रीस्टाइल 86 किग्रा में सचिन गिरी ने रजत पदक जीते।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन कुल आठ भार वर्गों के परिणाम घोषित किए गए। इनमें फ्रीस्टाइल के 57, 65, 86 और 125 किग्रा तथा ग्रीको-रोमन के 60, 67, 77 और 97 किग्रा भार वर्ग शामिल रहे। विभिन्न वर्गों में रेलवे की अलग-अलग टीमों के पहलवानों ने स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक अपने नाम किए।
पदक विजेताओं को बरेका के प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर मनीष कुमार, प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार और मुख्य सतर्कता अधिकारी अंकुर चंद्रा ने प्रमाणपत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर बरेका खेल संघ के महासचिव अनुराग गुप्ता, कुश्ती सचिव राजेश कुमार सहित खेल अधिकारी और अन्य गणमान्य मौजूद रहे। दूसरे दिन के मुकाबलों में पहलवानों के शानदार प्रदर्शन से प्रतियोगिता स्थल पर उत्साह का माहौल रहा। बरेका के तीन पहलवानों के रजत पदक जीतने से मेजबान टीम में भी खास उत्साह देखने को मिला।


