मैनपुरी: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में एक तेज रफ्तार कार ने बड़ा हादसा कर दिया। झगड़े की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम के एक सिपाही को कार ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह करीब 20 फीट हवा में उछल गया।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार की रफ्तार करीब 100 किमी प्रति घंटा थी। टक्कर के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार पास की एक दुकान में जा घुसी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घायल सिपाही को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस के अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला।पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों ने प्रशासन से तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती से कार्रवाई करने की मांग की है।

