नौचंदी, मेरठ: क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब एक हिस्ट्रीशीटर को पकड़कर थाने लाई पुलिस पर ही हमला हो गया। आरोप है कि आरोपी ने पुलिसकर्मी की वर्दी फाड़ दी, वहीं उसके परिजनों ने थाने पहुंचकर उसे छुड़ाने का प्रयास किया।पुलिस के अनुसार, नौचंदी थाना क्षेत्र से एक हिस्ट्रीशीटर को हिरासत में लेकर थाने लाया गया था। पूछताछ के दौरान आरोपी अचानक उग्र हो गया और उसने ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी के साथ धक्का-मुक्की करते हुए उसकी वर्दी फाड़ दी।
घटना की सूचना मिलते ही आरोपी के परिजन और कुछ अन्य लोग थाने पहुंच गए। उन्होंने हंगामा करते हुए आरोपी को पुलिस कस्टडी से छुड़ाने की कोशिश की। इस दौरान थाने में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।मौके पर मौजूद अतिरिक्त पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित किया और हंगामा कर रहे लोगों को खदेड़ दिया। पुलिस ने इस मामले में आरोपी समेत कई लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, हमला और अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

