वाराणसी में सोमवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब PCF प्लाजा में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकानदार अपनी दुकानें छोड़कर जान बचाने के लिए भागने पर मजबूर हो गए।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग पहले एक दुकान में लगी और देखते ही देखते पूरे प्लाजा में फैल गई। इस हादसे में करीब 12 दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो गईं। शुरुआती अनुमान के अनुसार, इस आग में एक करोड़ रुपये से ज्यादा का नुकसान हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक अधिकांश दुकानें जल चुकी थीं।दुकानदारों का कहना है कि आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट हो सकता है, लेकिन प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं। फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, जिससे एक बड़ी राहत मिली है।प्रशासन अब नुकसान का आकलन करने में जुटा है और प्रभावित व्यापारियों को राहत देने पर भी विचार किया जा रहा है।

