वासंतिक नवरात्र की षष्ठी तिथि के अवसर पर मंगलवार को श्रद्धालुओं ने ललिता गौरी मंदिर में दर्शन-पूजन कर माता का आशीर्वाद प्राप्त किया। मान्यता है कि इस दिन मां ललिता गौरी के पूजन से जीवन में सौंदर्य, यश, कीर्ति और वैभव की वृद्धि होती है।इसी आस्था के साथ सुबह ब्रह्ममुहूर्त में मंगला आरती के बाद मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। भोर से ही भक्तों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं, जो दोपहर तक अपने चरम पर रहीं। दर्शन के लिए महिलाओं और पुरुषों की अलग-अलग व्यवस्थाएं की गई थीं, जिससे श्रद्धालुओं को सुव्यवस्थित तरीके से पूजन का अवसर मिल सके।
भक्त पूजन सामग्री और भोग लेकर मां के जयकारे लगाते हुए दर्शन करते नजर आए। पूरे दिन मंदिर परिसर में भक्ति और श्रद्धा का माहौल बना रहा। सुरक्षा व्यवस्था के तहत मंदिर और आसपास के क्षेत्रों में महिला सिपाहियों सहित पुलिस बल की तैनाती की गई थी, जिससे किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।नवरात्र के इस पावन अवसर पर ललिता घाट स्थित मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ ने एक बार फिर काशी की धार्मिक आस्था और परंपरा को जीवंत कर दिया।

