संविधान दिवस समारोह में बाधा डालने का आरोप, डॉ. आरएस पटेल बोले- जेल जाने को तैयार

वाराणसी। जनहित संकल्प पार्टी के प्रथम स्थापना दिवस और संविधान दिवस के अवसर पर रोहनिया विधानसभा क्षेत्र के कुरौता स्थित सरदार पटेल तालाब परिसर में समारोह आयोजित किया गया। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. आरएस पटेल ने प्रशासन पर कार्यक्रम में बाधा उत्पन्न करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि संविधान दिवस मनाना और जनता से संवाद करना कोई अपराध नहीं है। लोकतांत्रिक अधिकारों की आवाज उठाने के लिए जेल जाना पड़े तो वह इसके लिए भी तैयार हैं।


समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. आरएस पटेल ने केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने बेरोजगारी, महंगाई, कालेधन और महिलाओं की सुरक्षा जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि देश की बड़ी आबादी आज भी पांच किलो राशन पर निर्भर रहने को मजबूर है। युवाओं को रोजगार और महिलाओं को आरक्षण देने के मुद्दे पर भी उन्होंने सरकार से सवाल किए। डॉ. आरएस पटेल ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम की अनुमति निरस्त किए जाने के बाद भी संविधान दिवस समारोह आयोजित करने पर उन्हें जेल भेजने की चेतावनी दी गई। उन्होंने कहा कि संविधान दिवस मनाना और जनता के बीच अपनी बात रखना अपराध नहीं है। यदि इसे अपराध माना जाता है तो वह जेल जाने के लिए तैयार हैं।


उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए लाखों लोगों ने संघर्ष और कुर्बानियां दी हैं। आज संविधान और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए भी संघर्ष करने की जरूरत है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर व्यवस्था परिवर्तन की लड़ाई को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। वहीं, रोहनिया विधानसभा प्रत्याशी राजेश भाई पटेल ने आरोप लगाया कि पार्टी के स्थापना दिवस और संविधान दिवस समारोह को लेकर व्यापक तैयारियां की गई थीं, लेकिन प्रशासनिक हस्तक्षेप के कारण बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक कार्यक्रम स्थल तक नहीं पहुंच सके। उन्होंने दावा किया कि चुनार पुल पर कई वाहनों को रोक दिया गया और रोहनिया क्षेत्र में कार्यक्रम निरस्त होने की सूचना देकर लोगों को भ्रमित किया गया।

राजेश भाई पटेल ने कहा कि रोहनिया की जनता कार्यक्रम को लेकर उत्साहित थी, लेकिन कथित दबाव और अफवाहों के कारण बड़ी संख्या में लोग शामिल नहीं हो पाए। उन्होंने कहा कि वह क्षेत्र के गांवों और घरों तक पहुंचकर जनता से संवाद करेंगे, उनकी समस्याएं सुनेंगे और किसानों की जमीन, उचित मुआवजे तथा उनके अधिकारों की लड़ाई को आगे बढ़ाएंगे।

समारोह के अंत में पार्टी नेताओं ने लोकतांत्रिक अधिकारों, संविधान की मूल भावना और जनहित के मुद्दों को लेकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि जनहित संकल्प पार्टी जनता की आवाज बनकर प्रदेश में व्यवस्था परिवर्तन के लिए अपना राजनीतिक अभियान जारी रखेगी।

Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post