कांग्रेस प्रांतीय अध्यक्ष अजय राय ने संजय राय शेरपुरिया को लेकर भाजपा पर हमला बोला है। बुधवार को उन्होंने वाराणसी में कहा कि संजय राय शेरपुरिया कल तक भाजपा के सभी बड़े नेतृत्व का सहयोगी था। आज उसे अचानक महाठग बताकर रहस्यमय कार्रवाई हो रही है। कांग्रेस नेता ने सवाल पूछा कि भाजपा और शेरपुरिया के रिश्तों का राज क्या रहा है। कहा है कि वाराणसी के लोकसभा चुनाव में संजय राय शेरपुरिया मेरे खिलाफ पैसा बहा रहे थे।
चुनावों में बड़े-बड़े भाजपा नेताओं को रुपये की बड़ी-बड़ी रकम कर्ज में दिया करते थे। वह आज अचानक बिना किसी शिकायती एफआईआर तक के इतने बड़े ठग अपराधी कैसे हो गए। पूरा मामला रहस्य की गहरी चादर में लिपटा हुआ है। इन राजनीतिक कारणों का पर्दाफाश होना बेहद जरूरी है।अजय राय ने कहा कि तमाम लोग जनता का पैसा लूटकर विदेश भाग गए। यहां जो व्यक्ति बड़े-बड़े भाजपा नेताओं और मंत्रियों के संपर्क में है, उसके लिये इस मनगढ़ंत कहानी रची जा रही है। पूरा मामला आम लोगों के गले नहीं उतर रहा।यह अजीब विडंबना है कि दूसरे दलों से भाजपा में जाने पर कोई आरोपी अचानक साधु बन जाता है। भाजपा का अंतरंग रहा कोई शरीफ अचानक महाठग अपराधी बन जाता है। सत्ता का ऐसा रहस्यमय खेल आज की सत्ता की सत्ता का सबसे कटु सत्य बन चुका है।
