कैबिनेट मंत्री ओपी राजभर के पुत्र अरविंद राजभर ने घोसी में भाजपा कार्यकर्ताओं से घुटने के बल बैठकर मांगी माफी

योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओपी राजभर के बेटे अरविंद राजभर ने गुरुवार को घोसी में भाजपा कार्यकर्ताओं से घुटने के बल बैठकर माफी मांगी। ऐसा करने के लिए किसी और ने नहीं बल्कि डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने उनसे कहा। अरविंद राजभर एनडीए की सहयोगी सुभासपा से घोसी से प्रत्याशी हैं। अरविंद को प्रत्याशी बनाने के बाद से घोसी में भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी चल रही है। पिछले दिनों अरविंद के खिलाफ भाजपा नेताओं ने जुलूस भी निकाला था। 

माफी मांगने का यह वीडियो वायरल हो रहा है। योगी की पिछली सरकार में भी ओपी राजभर कैबिनेट मंत्री थे। इस दौरान कुछ मामलों में सीधे सीएम योगी से टकराव के बाद राजभर को मंत्री पद से बर्खास्त कर दिया गया था। इसके बाद राजभर ने पिछला विधानसभा चुनाव सपा के साथ मिलकर लड़ा। चुनाव के दौरान ओपी राजभर और अरविंद राजभर के निशाने पर सबसे ज्यादा योगी और पीएम मोदी ही रहे। इससे दोनों के खिलाफ भाजपा कार्यकर्ताओं में तभी से आक्रोश है। इधर विधानसभा चुनाव के बाद परिस्थितिया बदलीं तो राजभर को दोबारा एनडीए में शामिल करना पड़ गया। उन्हें दोबारा मंत्री भी बनाया गया। अपना दल और रालोद के साथ ही सुभासपा को भी एक सीट घोसी लड़ने के लिए दी गई। ओपी राजभर ने इस सीट से अपने बेटे अरविंद राजभर को ही प्रत्याशी घोषित कर दिया है। जिस दिन से अरविंद प्रत्याशी घोषित किए गए हैं उसी दिन से भाजपा कार्यकर्ताओं में उनकी बयानबाजी को लेकर नाराजगी है। 

इसी नाराजगी को दूर करने का प्रयास गुरुवार को डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने किया। घोसी के भुजौटी स्थित कैम्प कार्यालय पर आयोजित भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक में अरविंद राजभर को भी बुलाया गया। इस दौरान डिप्टी सीएम ने यहां तक कहा कि हमारा कार्यकर्ता निष्पक्ष और नि:स्वर्थ भाव से पार्टी की विचार धारा से जुड़कर कार्य करता है। घोसी लोकसभा से कोई प्रत्याशी नहीं बल्कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता चुनाव लड़ रहा है। अरविंद राजभर को लेकर कार्यकर्ताओं की नाराजगी दूर करने की कोशिश भी की। अरविंद राजभर को कुर्सी से उठवाकर मंच के आगे बुलाया। इसके बाद अरविंद राजभर से लोगों से माफी मांगने को कहा। पहले अरविंद राजभर ने खड़े-खड़े ही माफी मांगने की कोशिश की तो उन्हें घुटने पर बैठकर और लोगों के सामने सिर झुकाकर माफी मंगवाई। इसके बाद पूछा कि अब ठीक है न। डिप्टी सीएम के ठीक है न पूछते ही लोगों ने जय श्रीराम का नारा भी लगाया। 

हालांकि अभी यह तय नहीं है कि दंडवत माफी के बाद भी भाजपा कार्यकर्ताओं की नाराजगी दूर हो जाएगी या नहीं। इससे पहले घोसी विधानसभा के उपचुनाव में भी राजभर ने कई दावे किए लेकिन लोगों की नाराजगी के कारण ही उनकी ही बिरादरी के लोगों ने कुछ नहीं सुना और भाजपा प्रत्याशी दारा सिंह चौहान सपा से हार गए थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post