भेलूपुर थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। डुमरांव बाग कॉलोनी निवासी एक युवक ने अपनी पत्नी और उसके मायके पक्ष के लोगों के खिलाफ मारपीट, मानसिक प्रताड़ना और जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़ित पति का आरोप है कि उसकी पत्नी का किसी अन्य व्यक्ति से प्रेम संबंध है और वह उसे तलाक देने के लिए लगातार दबाव बना रही है। इतना ही नहीं, पत्नी ने कथित तौर पर उसे मेरठ के चर्चित ‘नीले ड्रम कांड’ जैसा अंजाम भुगतने की धमकी भी दी है।पीड़ित युवक के अनुसार उसकी शादी 21 जनवरी 2025 को बिहार के कैमूर जिले की रहने वाली युवती से हुई थी। युवक का कहना है कि शादी के बाद पहली ही रात उसकी पत्नी ने किसी न किसी बहाने से साथ रहने से इनकार कर दिया और दूरी बनाए रखी। कुछ दिनों बाद वह नौकरी के सिलसिले में बाहर चला गया। करीब एक महीने बाद जब पत्नी अपने मायके गई तो उसने फोन पर साफ शब्दों में कहा कि वह किसी और से प्रेम करती है और उसके साथ जीवन नहीं बिताना चाहती।
पति का आरोप है कि पत्नी ने उसे भूल जाने और जल्द से जल्द तलाक देने के लिए कहा। इसके बाद फोन पर लगातार धमकियां दी जाने लगीं। युवक के मुताबिक पत्नी ने चेतावनी दी कि यदि उसे विदा कराने की कोशिश की गई या तलाक में देरी हुई तो वह मेरठ के चर्चित ‘मुस्कान हत्याकांड’ जैसा अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहे।पीड़ित ने बताया कि लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर उसने होली की छुट्टियों में घर आकर परिवार के बीच बैठकर मामला सुलझाने का फैसला किया। आरोप है कि 3 मार्च की रात करीब 9 बजे पत्नी अपने भाइयों आनंद राठौर, मनोरंजन उर्फ मनु, जीजा विजय और राजू के साथ अचानक उसके घर पहुंच गई। बातचीत के दौरान आरोपियों ने युवक के साथ मारपीट की और दोबारा ‘ड्रम कांड’ वाली धमकी देते हुए वहां से चले गए।इस मामले में भेलूपुर पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर पत्नी और उसके भाइयों समेत अन्य ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामला वैवाहिक विवाद के साथ-साथ आपराधिक धमकी से भी जुड़ा है। धमकी में चर्चित ‘ड्रम कांड’ का जिक्र होने के कारण पुलिस मामले को संवेदनशीलता से लेते हुए जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों से पूछताछ की जाएगी।

