अन्नपूर्णा दरबार में अष्टमी पर उमड़ा आस्था का सैलाब, श्रद्धालुओं ने लगाई फेरी

चैत्र नवरात्रि के पावन पर्व पर अष्टमी तिथि के अवसर पर अन्नपूर्णा दरबार में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। मां दुर्गा के अष्टम स्वरूप महागौरी के रूप में मां अन्नपूर्णा के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की।भोर की मंगल बेला में महंत शंकरपुरी की मौजूदगी में मां का पंचामृत स्नान कराया गया। इसके बाद माता को नवीन वस्त्र एवं आभूषण धारण कराए गए और मंगला आरती संपन्न हुई। आरती के उपरांत मंदिर का पट खुलते ही श्रद्धालुओं का दर्शन-पूजन प्रारंभ हो गया, जो देर रात तक जारी रहा।

मंदिर परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। श्रद्धालु कतारबद्ध होकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। गर्भगृह के बाहर से ही भक्तों ने मां के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं ने मां की परिक्रमा (फेरी) लगाई। श्रद्धालु अपनी श्रद्धा अनुसार 21, 51 और 108 फेरी लगाकर परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की मंगल कामना करते दिखे।महंत शंकरपुरी ने बताया कि नवरात्रि में मां के प्रत्येक स्वरूप की विशेष पूजा का महत्व होता है। अष्टमी के दिन महागौरी रूप में मां के दर्शन से विशेष फल की प्राप्ति होती है।



Post a Comment

Previous Post Next Post