शास्त्री घाट पर “प्रदूषण रोकिए – लाइफस्टाइल फॉर एनवायरनमेंट (लाइफ), पर्यावरण बचाइए” संकल्प के साथ वरुणा स्वच्छता अभियान एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्वच्छता के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने पर विशेष जोर दिया गया।कार्यक्रम का आयोजन उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा किया गया, जिसमें विभिन्न सामाजिक संगठनों, विद्यार्थियों, पर्यावरण प्रेमियों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान घाट क्षेत्र में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया और स्वयंसेवकों ने श्रमदान कर नदी तट को स्वच्छ किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. रविन्द्र प्रताप सिंह, अध्यक्ष उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के हर व्यक्ति की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने दैनिक जीवन में छोटे-छोटे बदलाव अपनाकर प्रदूषण कम करने पर जोर दिया।कार्यक्रम के संयोजक अनिल कुमार सिंह, अध्यक्ष सृजन सामाजिक विकास न्यास ने कहा कि वरुणा नदी हमारी सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इसकी स्वच्छता के लिए निरंतर जनसहभागिता जरूरी है।अभियान के दौरान लोगों को प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली अपनाने, जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाने, वृक्षारोपण को बढ़ावा देने और स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई और स्वच्छ, हरित एवं स्वस्थ समाज के निर्माण का संकल्प लिया गया।

