नवरात्रि द्वितीया पर मां ब्रह्मचारिणी देवी का हुआ दर्शन, दरबार में उमड़ा जनसैलाब

चैत्र नवरात्रि के दूसरे दिन दुर्गाघाट स्थित मां ब्रह्मचारिणी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा और लोगों ने माता के चरणों में मत्था टेककर सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।धार्मिक मान्यता के अनुसार, नवरात्रि की द्वितीय तिथि पर मां ब्रह्मचारिणी के दर्शन का विशेष महत्व होता है। कहा जाता है कि उनकी आराधना से भक्तों के पाप, कष्ट और बाधाएं दूर होती हैं तथा जीवन में तप, संयम और शक्ति का संचार होता है।

मंदिर में प्रातःकाल मां ब्रह्मचारिणी का विधि-विधान से पंचामृत स्नान कराया गया। इसके बाद उन्हें सुंदर वस्त्र, आभूषण और मुकुट धारण कराकर गुलाब, गुड़हल, बेला, चमेली और कमल के पुष्पों से भव्य श्रृंगार किया गया। महाआरती के पश्चात श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के कपाट खोले गए, जहां भक्तों ने भाव-विभोर होकर पूजा-अर्चना की।मंदिर के महंत राजेश्वर सागरकर ने बताया कि दुर्गाघाट स्थित यह प्राचीन मंदिर आस्था का प्रमुख केंद्र है और नवरात्रि के दूसरे दिन यहां दर्शन की परंपरा सदियों से चली आ रही है। उन्होंने कहा कि इस दिन मां ब्रह्मचारिणी की पूजा करने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है और माता अपने भक्तों को धन-धान्य व समृद्धि का आशीर्वाद देती हैं।



Post a Comment

Previous Post Next Post