यूपी कॉलेज में दिनदहाड़े छात्र की हत्या, क्लास के बाहर 4 गोली मारी, कैंपस में बवाल, तोड़फोड़

यूपी कॉलेज परिसर में शुक्रवार को दिनदहाड़े बीएससी सेकेंड ईयर के छात्र सूर्य प्रताप सिंह (23) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना कला एवं सामाजिक विज्ञान संकाय के बाहर हुई, जहां हमलावर ने क्लासरूम के बाहर छात्र पर ताबड़तोड़ 4 गोलियां चलाईं, जिससे वह खून से लथपथ होकर गिर पड़ा।मौके पर मौजूद दोस्त सर्वेश पांडेय के मुताबिक, “हम लोग क्लास में थे, तभी बम फूटने जैसी आवाज आई। बाहर आकर देखा तो मंजीत नाम का छात्र गोली चला रहा था। जब मैं बचाने के लिए दौड़ा तो उसने मुझ पर भी पिस्टल तान दी। डर के कारण पीछे हटना पड़ा। दोबारा पहुंचा तो आरोपी फरार हो चुका था। उसके साथ 1-2 लोग और भी थे।”घटना के बाद आरोपी पिस्टल को कूड़े के ढेर में फेंककर मौके से फरार हो गया। घायल छात्र को तुरंत बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक सूर्य प्रताप सिंह गाजीपुर का रहने वाला था और हाल ही में बीमारी से ठीक होकर कॉलेज लौटा था। वहीं, आरोपी मंजीत बीए सेकेंड ईयर का छात्र है और वाराणसी के चांदमारी इलाके का निवासी बताया जा रहा है। हत्या की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है, हालांकि शुरुआती जांच में आपसी विवाद की बात सामने आ रही है।वारदात के बाद कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आक्रोशित छात्रों ने कैंपस में जमकर हंगामा और तोड़फोड़ की। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने कॉलेज के गेट बंद कर दिए और आसपास की 150 से अधिक दुकानों को एहतियातन बंद कराया गया। मौके पर सात थानों की भारी पुलिस फोर्स तैनात है।पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने बताया कि मामले में साक्ष्य जुटा लिए गए हैं, सीसीटीवी फुटेज और डीवीआर कब्जे में ले लिया गया है। एफआईआर दर्ज की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छह टीमें गठित कर दी गई हैं।फिलहाल, छात्र कॉलेज के बाहर धरने पर बैठे हैं और मामले में सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।



Post a Comment

Previous Post Next Post