सिलेंडर पहुंचने के बाद अन्नपूर्णा अन्नक्षेत्र में पुनः शुरू हुआ प्रसाद वितरण, भक्तों ने किया प्रसाद ग्रहण

काशी में स्थित अन्नपूर्णा मंदिर के अन्नक्षेत्र में गैस सिलेंडर की कमी के कारण दर्शनार्थियों को प्रसाद नहीं मिल पाने की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हो गया। जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने तुरंत मंदिर के महंत शंकर पूरी से संपर्क किया और तत्काल 20 गैस सिलेंडर मंदिर परिसर में भिजवाए।प्रशासन की ओर से यह भी आश्वासन दिया गया कि अन्नक्षेत्र में प्रसाद वितरण में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए प्रतिदिन आवश्यक गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएंगे। मंदिर परिसर में सिलेंडर पहुंचने पर महंत शंकर पूरी ने जिलाधिकारी समेत सभी अधिकारियों को धन्यवाद देते हुए बधाई दी और उम्मीद जताई कि आगे भी प्रशासन का ऐसा ही सहयोग मिलता रहेगा।

सिलेंडर उपलब्ध होने के बाद अन्नपूर्णा अन्नक्षेत्र में फिर से प्रसाद वितरण शुरू हो गया। प्रसाद प्राप्त कर श्रद्धालुओं ने मां अन्नपूर्णा के जयकारे लगाए और मंदिर परिसर में भक्तों की कतारें लग गईं।बताया गया कि अन्नपूर्णा अन्नक्षेत्र की दूसरी शाखा, जो बांसफाटक स्थित है, वहां बीते दिन गैस ईंधन के अभाव में भक्तों को प्रसाद नहीं मिल पाया था। प्रशासन और मंदिर प्रबंधन के प्रयास से अब पुनः प्रसाद वितरण शुरू हो गया है, जिससे श्रद्धालुओं को राहत मिली है।



Post a Comment

Previous Post Next Post