शहर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय अस्पताल की पैथोलॉजी लैब में कर्मचारियों द्वारा शराब और नॉनवेज पार्टी करने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन में खलबली मच गई है, वहीं आमजन में सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की विश्वसनीयता को लेकर सवाल उठने लगे हैं।वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि पैथोलॉजी विभाग के उस कक्ष में, जहां मरीजों के ब्लड सैंपल लिए जाते हैं और जांच रिपोर्ट तैयार की जाती है, वहां एक टेक्नीशियन समेत कुछ संविदा कर्मी चिकन-मटन के साथ शराब की बोतलों के साथ पार्टी करते नजर आ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि यह वही स्थान है जहां रोजाना मरीजों की महत्वपूर्ण जांचें होती हैं। ऐसे संवेदनशील विभाग में इस तरह की गतिविधि सामने आने से लोगों में आक्रोश और चिंता का माहौल है।मामले के वायरल होने के बाद अस्पताल प्रशासन हरकत में आ गया है और पूरे प्रकरण की जांच कर कार्रवाई की बात कही जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो की सत्यता की जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

