बरेका महाप्रबंधक ने कार्यशाला व वेल्डिंग अनुसंधान संस्थान का किया निरीक्षण, गुणवत्ता व संरक्षा पर दिया जोर

बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में शनिवार को महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने कार्यशाला का गहन निरीक्षण कर उत्पादन गतिविधियों, तकनीकी प्रक्रियाओं और गुणवत्ता मानकों का विस्तृत अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न इकाइयों का दौरा करते हुए निर्माण एवं परीक्षण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।महाप्रबंधक ने लोको टेस्ट शॉप और लोको असेंबली शॉप का भ्रमण कर निर्माणाधीन तथा परीक्षणाधीन विद्युत इंजनों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने वर्कशॉप की गैन्ट्री प्रणाली का अवलोकन किया और डब्लूएजी-9 विद्युत लोकोमोटिव के कैब का सूक्ष्म निरीक्षण करते हुए संरक्षा, तकनीकी दक्षता और चालक सुविधा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान श्री पंत ने अधिकारियों और कर्मचारियों से संवाद करते हुए उत्पादन प्रक्रिया में गुणवत्ता, समयबद्धता और कार्यस्थल की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल दिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।कार्यशाला निरीक्षण के बाद महाप्रबंधक बरेका स्थित भारतीय रेल वेल्डिंग अनुसंधान संस्थान पहुंचे। यहां उन्होंने वेल्ड टेस्ट लैब में स्थापित अत्याधुनिक यूनिवर्सल टेस्टिंग मशीन और वेल्डिंग सिम्युलेटर सहित विभिन्न परीक्षण उपकरणों का अवलोकन किया। उन्होंने वेल्डिंग वर्कशॉप, पुस्तकालय और प्रशिक्षण कक्षाओं का भी निरीक्षण कर वेल्डिंग तकनीक के प्रशिक्षण और अनुसंधान गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने टेस्ट लैब में स्थापित वेल्डिंग सिम्युलेटर मशीन को स्वयं संचालित कर उसका तकनीकी अनुभव भी लिया।महाप्रबंधक ने संस्थान में आधुनिक तकनीक आधारित प्रशिक्षण व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर जोर दिया।इस अवसर पर मुख्य विद्युत इंजीनियर (लोको) अरविंद कुमार जैन, मुख्य विद्युत इंजीनियर (निरीक्षण) भारद्वाज चौधरी, उप महाप्रबंधक सागर, प्राचार्य प्राविधिक प्रशिक्षण केंद्र सोमपाल सिंह परवान, उप मुख्य विद्युत इंजीनियर (लोको) सुदीप रावत सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



Post a Comment

Previous Post Next Post