चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर काशी में नवमी तिथि के दिन मां के गौरी स्वरूप के दर्शन क्रम में लक्ष्मीकुंड स्थित मां महालक्ष्मी की विशेष आराधना की गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और विधि-विधान से पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की।परंपराओं के अनुसार नवरात्रि के नवें दिन मां महालक्ष्मी के पूजन का विशेष महत्व होता है। देवी महालक्ष्मी को धन, वैभव और ऐश्वर्य की अधिष्ठात्री देवी माना जाता है, जिनकी कृपा से जीवन में समृद्धि, खुशहाली और धन-धान्य की वृद्धि होती है। मान्यता है कि माता की कृपा से न केवल आर्थिक समृद्धि बल्कि स्वास्थ्य और जीवन में संतुलन भी प्राप्त होता है।
काशी के लक्ष्मीकुंड क्षेत्र में स्थित मां महालक्ष्मी का प्राचीन मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। कहा जाता है कि नवमी तिथि पर यहां दर्शन-पूजन करने से कई गुना फल प्राप्त होता है और भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।नवमी के दिन सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। श्रद्धालुओं ने अनुशासित तरीके से कतारबद्ध होकर मां के दर्शन किए और अपने परिवार की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की।धार्मिक मान्यताओं के अनुसार वासंतिक नवरात्रि के अंतिम दिन मां महालक्ष्मी गौरी के दर्शन-पूजन का विशेष विधान है। इसी क्रम में इस वर्ष भी श्रद्धालुओं ने पूरे श्रद्धा और विश्वास के साथ मां की आराधना की, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया।

