शुक्रवार सुबह उदय प्रताप कॉलेज में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब बीएससी द्वितीय वर्ष के छात्र सूर्य प्रताप सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे परिसर में हड़कंप मच गया और आक्रोशित छात्रों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया।जानकारी के मुताबिक, सामाजिक विज्ञान संकाय के बरामदे में सुबह करीब 11 बजे बीए द्वितीय सेमेस्टर के छात्र मंजीत ने सूर्य प्रताप सिंह पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में छात्र को सिर, सीने और कमर में गोलियां लगीं, जिससे वह मौके पर ही गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा।
घायल छात्र को तत्काल प्राचार्य की गाड़ी से अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी हालत नाजुक देखते हुए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। लेकिन वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।घटना से गुस्साए छात्रों ने प्राचार्य आवास पर धावा बोल दिया और तोड़फोड़ की। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित किया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

