काशी विश्वनाथ धाम में उमड़ी आस्था की भीड़, 1 किमी लंबी कतार; भीषण गर्मी भी नहीं डिगा पाई श्रद्धा

जेठ की तपती गर्मी और 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचे तापमान के बावजूद काशी विश्वनाथ धाम में सोमवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिर के बाहर करीब एक किलोमीटर लंबी कतारें लगी रहीं और भक्त घंटों धूप में खड़े होकर बाबा के दर्शन का इंतजार करते नजर आए।श्रद्धालुओं का कहना है कि आस्था के आगे गर्मी का असर फीका पड़ जाता है। कतार में खड़े कई लोगों ने बताया कि स्कूलों में छुट्टियां होने के कारण वे परिवार के साथ धार्मिक यात्रा पर निकले हैं। वाराणसी के साथ-साथ अयोध्या और प्रयागराज जाने की भी योजना बनाकर आए हैं।भीड़ के बढ़ते दबाव को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने दर्शन व्यवस्था में बदलाव किया है। फिलहाल चार द्वारों से श्रद्धालुओं को प्रवेश दिया जा रहा है, ताकि लोगों को लंबी देर तक धूप में न खड़ा रहना पड़े। जरूरत पड़ने पर पांचों द्वार खोलने की बैकअप योजना भी तैयार रखी गई है।

मंदिर के कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण मिश्रा के अनुसार, पिछले तीन-चार दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या में अचानक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसे ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त कर दिया गया है और सुरक्षा व सुविधा दोनों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।इस बीच, प्रशासन ने एक नई व्यवस्था भी लागू की है। अब सुगम दर्शन और मंगला आरती के लिए श्रद्धालुओं को आधार कार्ड दिखाना अनिवार्य कर दिया गया है। बिना पहचान पत्र के इन विशेष सेवाओं का लाभ नहीं मिल सकेगा। 






Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post