मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार बड़े-बड़े कार्य कर सकती है, लेकिन उनकी सफलता के लिए जनता का जागरूक होना बेहद जरूरी है। यदि नागरिक जागरूक नहीं होंगे तो बड़े से बड़े प्रयास भी धराशायी हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि नागरिकों में जागरूकता तभी आती है, जब उनके चुने हुए जनप्रतिनिधि स्वयं जिम्मेदारी और सजगता के साथ काम करते हैं। मुख्यमंत्री बृहस्पतिवार को अपने दो दिवसीय वाराणसी दौरे के दौरान शहर दक्षिणी स्थित सरोज पैलेस में आयोजित स्वच्छता मित्र सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वार्डों में 76 दिनों तक चले प्रवास और स्वच्छता अभियान के दौरान बरसात के मौसम में सफाई के प्रति जागरूक रहने की जरूरत थी। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा कराए गए निर्माण कार्य जनता की संपत्ति हैं। उनकी सुरक्षा करना और टूट-फूट से बचाना भी जागरूक नागरिकों की जिम्मेदारी है। प्रदेश के सभी 403 वार्डों में इसी भावना के साथ काम किया जाए तो स्वच्छता और जनभागीदारी को नई दिशा मिल सकती है।
सीएम योगी ने कहा कि लोकप्रिय जनप्रतिनिधि वही है, जिसकी पहुंच प्रत्येक घर तक हो। 76 दिनों के प्रवास के दौरान 11 रविवार को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ घर-घर तक पहुंचाया गया। उन्होंने कहा कि जागरूक जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि वे इस तरह के शिविर आयोजित कर पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ें। मुख्यमंत्री ने इस कार्य के लिए विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि यह चौथा कार्यक्रम है, जिसमें शामिल होने का उन्हें अवसर मिला है।
मुख्यमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि केवल कंक्रीट के जंगल खड़े करने से शुद्ध वातावरण नहीं मिलेगा। इसके लिए प्रधानमंत्री के 'एक पौधा मां के नाम' अभियान को आगे बढ़ाना होगा और अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ उनके संरक्षण पर भी ध्यान देना होगा।
समारोह के दौरान स्वच्छता मित्रों को सम्मानित किया गया। भाजपा पदाधिकारियों ने उन्हें पुष्पमाला पहनाकर और अंगवस्त्र भेंटकर उनके योगदान का सम्मान किया। मुख्यमंत्री ने स्वच्छता के क्षेत्र में जनभागीदारी, जिम्मेदार नागरिकों और सक्रिय जनप्रतिनिधियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए स्वच्छ शहर के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयासों का आह्वान किया।


