वाराणसी के बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) परिसर में विजयादशमी के मद्देनजर 20 अक्टूबर को सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। मंगलवार दोपहर 2 बजे से रावण दहन होने तक ककरमत्ता मुख्य प्रवेश द्वार, एफसीआई गेट, नाथूपुर गेट, पहाड़ी गेट और कंदवा गेट बंद रहेंगे। इस दौरान रेल कर्मचारियों को वैध पहचान पत्र और आम नागरिकों को रामलीला व रावण दहन का प्रवेश पास दिखाने पर ही परिसर में आने-जाने की अनुमति मिलेगी।
बरेका के केंद्रीय खेल मैदान में शाम 4:30 बजे से रात 8 बजे तक विजयादशमी समारोह आयोजित होगा। कार्यक्रम में महाप्रबंधक आशुतोष पंत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। आयोजन के दौरान भव्य रामलीला का मंचन, आकर्षक आतिशबाजी और रावण, कुंभकरण व मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाएगा। इसके लिए 70 फीट ऊंचा रावण, 65 फीट ऊंचा कुंभकरण और 60 फीट ऊंचा मेघनाद का पुतला तैयार किया गया है।
पर्व पर बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रवेश द्वारों पर प्रतिबंध और सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। बरेका प्रशासन ने रेल कर्मचारियों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित पहचान पत्र व प्रवेश पास साथ रखें और जिला प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। प्रशासन का उद्देश्य समारोह के दौरान भीड़ को नियंत्रित करना और आयोजन को सुरक्षित व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना है।


