विशेष ट्रेन से वाराणसी पहुंचे काशी तमिल संगमम 5.0 में शामिल होने 207 अतिथि, रेलवे अधिकारियों ने किया स्वागत

काशी तमिल संगमम 5.0 में सहभागिता के लिए तमिलनाडु से 207 यात्रियों का दल शुक्रवार को विशेष ट्रेन से वाराणसी पहुंचा। ट्रेन संख्या 06041 कन्याकुमारी-बनारस 27 नवंबर को बनारस रेलवे स्टेशन पहुंची। यहां रेलवे अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने अतिथियों का स्वागत किया। संगमम में शामिल होने वाले प्रतिभागियों की यात्रा को सुगम बनाने के लिए रेल प्रशासन की ओर से विशेष ट्रेन का संचालन किया गया।

स्टेशन पर आयोजित स्वागत कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन, आईआरसीटीसी के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत सिन्हा और बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजीत कुमार चतुर्वेदी उपस्थित रहे। इनके साथ भाजपा के क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि और वाराणसी मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। इस दौरान तमिल यात्रियों का फूल-मालाओं से स्वागत कर आयोजन में उनकी सहभागिता का अभिनंदन किया गया। तमिलनाडु के विभिन्न क्षेत्रों से कलाकारों, विद्यार्थियों, साहित्यकारों और कामगारों के समूह इस आयोजन में भाग लेने के लिए काशी पहुंच रहे हैं। काशी तमिल संगमम के माध्यम से काशी और तमिलनाडु के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंधों को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है। आयोजन का उद्देश्य दोनों क्षेत्रों की सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं के आदान-प्रदान के जरिए आपसी संबंधों को और मजबूत करना है।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post