इलाहाबाद हाईकोर्ट की ओर से यूपी पीसीएस-2025 की प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम निरस्त किए जाने के बाद समाजवादी पार्टी ने सरकार और उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शनिवार को एमएलसी आशुतोष सिन्हा के नेतृत्व में सपा नेताओं और युवाओं ने वाराणसी कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। इस दौरान भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और अभ्यर्थियों के भविष्य को लेकर नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया।
प्रदर्शन के दौरान एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने कहा कि हाईकोर्ट ने पीसीएस-2025 की प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम रद्द करते हुए आयोग को नए सिरे से रिजल्ट जारी करने का निर्देश दिया है। आरक्षण नियमों और ओपन कैटेगरी के आवंटन से जुड़ी याचिका पर सुनवाई के बाद आए इस फैसले से आगे की मेंस और इंटरव्यू प्रक्रिया भी दोबारा प्रभावित होगी। उन्होंने कहा कि लाखों अभ्यर्थियों ने वर्षों तक मेहनत कर परीक्षा की तैयारी की, लेकिन आयोग की गलतियों के कारण उनका भविष्य अनिश्चितता में पड़ गया है। आशुतोष सिन्हा ने राज्यपाल से मामले में हस्तक्षेप कर प्रदेश सरकार और लोक सेवा आयोग को आवश्यक निर्देश देने की मांग की। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध होनी चाहिए तथा अभ्यर्थियों के साथ किसी तरह का अन्याय नहीं होना चाहिए। सरकार और आयोग की लापरवाही का खामियाजा मेहनत करने वाले युवाओं को नहीं भुगतना पड़े। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता और युवा प्रतिनिधिमंडल के सदस्य मौजूद रहे।

