पंडित दीनदयाल अस्पताल में जल्द शुरू होगी IPHL लैब, 62 से बढ़कर 117 होंगी जांचें मरीजों को मिलेगी राहत

वाराणसी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय अस्पताल में मरीजों को जल्द ही बड़ी राहत मिलने वाली है। अस्पताल में करीब 1 करोड़ 25 लाख रुपये की लागत से तैयार इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैब यानी IPHL अगले दो सप्ताह में शुरू हो सकती है। इस लैब के शुरू होने के बाद मरीजों को एक ही जगह पर 117 तरह की जांचों की सुविधा मिलेगी, जबकि फिलहाल अस्पताल की सामान्य लैब में केवल 62 प्रकार की जांचें हो रही हैं।

नई लैब में कैंसर की पहचान के लिए बायोमार्कर, थायरॉइड सहित हार्मोनल जांच, कार्डियक प्रोफाइल, विटामिन की कमी और मॉलिक्यूलर बायोलॉजी से जुड़ी जांचें शामिल होंगी। इसके अलावा गर्भवती महिलाओं के लिए TORCH और एंटीफॉस्फोलिपिड एंटीबॉडी (APLA) जैसी महत्वपूर्ण जांचें भी प्रस्तावित हैं। TORCH जांच के जरिए गर्भावस्था के दौरान कुछ संक्रमणों का पता लगाने में मदद मिलेगी, जबकि APLA जांच से गर्भावस्था से जुड़ी कुछ जटिलताओं और संक्रमण के जोखिम की पहचान में सहायता मिलेगी। हालांकि, अप्रैल में अस्पताल को हैंडओवर होने के बावजूद यह लैब अब तक शुरू नहीं हो पाई है। निर्माण और सुरक्षा मानकों में कमियां सामने आने के बाद निरीक्षण भी किया गया था। अब लैब के संचालन में विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है। अस्पताल के सीएमएस डॉ. सत्य प्रकाश मित्र के मुताबिक, सभी जांचों को शुरू करने के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों की जरूरत है। अस्पताल प्रबंधन का प्रयास है कि जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर अगले दो सप्ताह में लैब का संचालन शुरू कर दिया जाए।

Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post