बदला मौसम का मिजाज, रात के साथ दिन में भी बढ़ेगी ठिठुरन, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

उत्तर प्रदेश में ठंड का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रदेश के कई जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और न्यूनतम पारा 8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। शुक्रवार की रात इटावा और कानपुर में सबसे कम 8.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं, शनिवार सुबह लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, गाजीपुर और बदायूं समेत करीब 30 शहर घने कोहरे की चपेट में रहे। ग्रामीण इलाकों में दृश्यता घटकर 50 मीटर तक पहुंच गई, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी हुई। गाजीपुर में ठंड से बचने के लिए लोग अलाव तापते नजर आए।

वाराणसी में भी ठंड का असर बढ़ गया है। यहां न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सुबह वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 200 के पार पहुंच गया। कानपुर में सर्द हवाओं के चलते रात का तापमान 9 डिग्री से नीचे चला गया। वहीं, प्रयागराज में सुबह से ही धुंध और धुंधली धूप के कारण मौसम का मिजाज बदला नजर आया। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक प्रदेश में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। सुबह और रात के समय जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलने तथा बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है। लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में आए चक्रवाती तूफान 'अकवान' के प्रभाव से हवाओं के रुख में बदलाव हुआ है। पहले पूर्व दिशा से आने वाली गर्म और नमी वाली हवाओं की जगह अब उत्तर-पश्चिम दिशा से ठंडी और शुष्क हवाएं चल रही हैं। इसी बदलाव के कारण तापमान में गिरावट आने लगी है। मौसम का यह रुख जारी रहने से अब रात के साथ-साथ दिन में भी ठंड बढ़ने की संभावना है।

Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post