वाराणसी के लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के खजुरी वार्ड में एक साड़ी की दुकान में आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। घटना पांडेयपुर चौराहे के पास चौहान कटरा वाली गली में स्थित उज्ज्वल साड़ी घर की है। दुकान मालिक मुन्ना जायसवाल के मुताबिक, 8 नवंबर की रात दीपावली की पूजा के बाद दुकान में दीपक बुझाकर उसे बंद कर दिया गया था। 9 नवंबर को भी दुकान बंद रही।
10 नवंबर की सुबह जब दुकान का मैनेजर शटर खोलकर अंदर पहुंचा, तो वहां रखा पूरा सामान जला हुआ मिला। आग की चपेट में आकर महंगी साड़ियां और दुकान में रखे अन्य कीमती सामान नष्ट हो गए। इसके बाद मैनेजर ने दुकान मालिक को घटना की जानकारी दी। मामले की सूचना डायल 112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। व्यापारी की ओर से थाने में भी सूचना दी गई है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

