ऑनलाइन खरीदारी के खिलाफ समाजवादी व्यापार सभा ने निकाली ग्राहक जागरूकता पदयात्रा, स्थानीय दुकानदारों से खरीदारी की अपील

ऑनलाइन खरीदारी के बढ़ते चलन के बीच स्थानीय फुटकर दुकानदारों और छोटे व्यापारियों के समर्थन में समाजवादी व्यापार सभा की ओर से ग्राहक जागरूकता पदयात्रा निकाली गई। जिलाध्यक्ष आलोक प्रकाश गुप्ता एवं महानगर अध्यक्ष काशी नाथ गुप्ता के नेतृत्व में पदयात्रा नीचीबाग से शुरू होकर मैदागिन, मालवीय मार्केट, सप्तसागर, गोविंदपुरा और ठठेरी बाजार सहित विभिन्न बाजारों से गुजरी।


इस दौरान पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने हाथों में 'ऑनलाइन खरीदारी बंद करो, फुटकर दुकानदारों को भी जीने दो' लिखी तख्तियां लेकर व्यापारियों, दुकानदारों और आम नागरिकों से संपर्क किया। उन्होंने ग्राहकों से स्थानीय बाजारों और क्षेत्रीय दुकानदारों से खरीदारी को प्राथमिकता देने की अपील की।

कार्यक्रम में समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल ने कहा कि ऑनलाइन खरीदारी के बढ़ते प्रचलन का असर छोटे व्यापारियों, फुटकर दुकानदारों और परंपरागत बाजारों पर पड़ रहा है। इससे उनसे जुड़े लाखों परिवारों की आजीविका भी प्रभावित हो रही है। वहीं, प्रदेश सचिव एवं मंडल प्रभारी मुरलीधर जायसवाल ने कहा कि स्थानीय बाजारों से खरीदारी करने पर क्षेत्र की अर्थव्यवस्था मजबूत होती है और रोजगार एवं स्वरोजगार को बढ़ावा मिलता है।

जिला संगठन प्रभारी राजकुमार यादव ने ग्राहकों से स्थानीय दुकानदारों से खरीदारी को प्राथमिकता देने की अपील की। महानगर संगठन प्रभारी संजीव जायसवाल ने कहा कि संगठन छोटे, मध्यम और फुटकर व्यापारियों के हितों एवं अधिकारों के लिए लगातार आवाज उठाता रहेगा।

पदयात्रा में जिलाध्यक्ष आलोक गुप्ता, महानगर अध्यक्ष काशी नाथ गुप्ता, मो. दिलशाद अहमद, रवि जायसवाल, गोपाल चौरसिया, धीरज कुमार गुप्ता, मुकेश गुप्ता, रणधीर चौधरी, नवीन सिंह, अरविंद गुप्ता सहित समाजवादी व्यापार सभा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल रहे।

Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post