वाराणसी के भेलूपुर स्थित कृष्णा अपार्टमेंट में शनिवार सुबह भीषण आग लग गई। जवाहर नगर कॉलोनी के इस अपार्टमेंट में सुबह करीब 5 बजे तीसरी मंजिल पर बंद फ्लैट से आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग डक्ट के रास्ते चौथी और पांचवीं मंजिल तक पहुंच गई। पूरी बिल्डिंग में धुआं भरने से लोगों में अफरातफरी मच गई। सूचना पर पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
आग की चपेट में आने से पांचवीं मंजिल पर रहने वाली एक महिला झुलस गई। हादसे के दौरान उनके बेटे और बेटी भी फ्लैट में मौजूद थे, जिन्हें दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया। महिला को एंबुलेंस से BHU ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
दमकल और NDRF की टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद कूलिंग का काम शुरू किया गया और एहतियातन इलाके की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और अग्निशमन विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं।

