वाराणसी के मिर्जामुराद में शनिवार तड़के श्रद्धालुओं की बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। NH-19 पर हुए इस हादसे में 20 लोग घायल हो गए। बस वृंदावन से दर्शन कर पश्चिम बंगाल लौट रही थी। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 3 बजे प्रयागराज-वाराणसी मार्ग पर कोका-कोला कंपनी के पास बस चालक को नींद आ गई। इसके बाद बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर के कारण बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बस में पश्चिम बंगाल के विभिन्न जिलों के श्रद्धालु सवार थे, जो वृंदावन में दर्शन-पूजन के बाद अपने घर वापस जा रहे थे।
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही मिर्जामुराद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय लोगों के सहयोग से यात्रियों को बस से बाहर निकाला गया और घायलों को एंबुलेंस के जरिए आराजी लाइन स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। पुलिस ने क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त बस को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य कराया गया।

