वाराणसी। काशी शनिवार को उत्तर और दक्षिण भारत के ऐतिहासिक मिलन की साक्षी बनी। नमो घाट पर काशी तमिल संगमम के पांचवें संस्करण का भव्य शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रहलाद जोशी की मौजूदगी में गंगा तट से ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ का संदेश दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि काशी और तमिलनाडु का संबंध केवल भौगोलिक नहीं, बल्कि साझा सभ्यता, आध्यात्मिक चेतना, साहित्य और सांस्कृतिक विरासत का जीवंत प्रमाण है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रहलाद जोशी ने स्वागत संबोधन में उपराष्ट्रपति, मुख्यमंत्री और आयोजन से जुड़े अतिथियों का अभिनंदन किया। उन्होंने भारतीय भाषा समिति के अध्यक्ष चेमु कृष्ण शास्त्री, आईआईटी मद्रास के निदेशक कामकोटि और बीएचयू के कुलपति प्रो. चतुर्वेदी सहित आयोजन में सहयोग करने वाले संस्थानों की सराहना की। उन्होंने बताया कि तमिलनाडु से करीब 1400 प्रतिनिधि काशी पहुंच रहे हैं। इनमें विद्यार्थी, शिक्षक, लेखक, मीडियाकर्मी, चार्टर्ड अकाउंटेंट, इंजीनियर और महिलाएं शामिल हैं।
भारत की सांस्कृतिक एकता अनादि काल से अखंड: प्रहलाद जोशी
केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने कहा कि भारत की एकता अंग्रेजों की देन नहीं है। भारत हजारों वर्षों से सांस्कृतिक और आध्यात्मिक रूप से एक राष्ट्र रहा है। विष्णु पुराण के श्लोक, चार धाम, शक्तिपीठ और ज्योतिर्लिंग इस अखंड सांस्कृतिक चेतना के प्रमाण हैं। काशी से गंगाजल लेकर रामेश्वरम जाने और वहां से बालू लाकर काशी में अर्पित करने की परंपरा उत्तर और दक्षिण भारत के आत्मीय संबंधों को दर्शाती है। चोल राजाओं द्वारा गंगा का जल तमिल भूमि तक ले जाना तथा शिवकाशी और तेनकाशी जैसे धार्मिक केंद्र भी इस सांस्कृतिक एकता के ऐतिहासिक साक्ष्य हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुआ है। गरीबी उन्मूलन, आधारभूत ढांचे के विकास और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की दिशा में व्यापक कार्य हुए हैं। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का लक्ष्य आर्थिक समृद्धि के साथ सांस्कृतिक गौरव को वैश्विक पहचान दिलाना भी है।
ज्ञान, अध्यात्म, कनेक्टिविटी और अर्थव्यवस्था काशी के विकास के चार स्तंभ: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि काशी तमिल संगमम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को साकार करने वाला आयोजन है। इसका पांचवां संस्करण 12 दिसंबर तक चलेगा। इस बार की थीम ‘तिरुक्कुरल पयिल्वोम’ है, जिसका उद्देश्य संत तिरुवल्लुवर के जीवन दर्शन को समझना और व्यवहार में उतारना है। तिरुक्कुरल के तीन खंड—अरम (धर्म), पोरुल (अर्थ) और इनबम (काम)—भारतीय जीवन मूल्यों और सनातन चिंतन की व्यापकता को अभिव्यक्त करते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि काशी और तमिलनाडु का संबंध महर्षि अगस्त्य से लेकर महाकवि सुब्रमण्यम भारती तक की परंपरा में दिखाई देता है। तमिलनाडु के तेनकाशी में 15वीं शताब्दी में पांड्य नरेश आदिवीर पराक्रम पांडियन द्वारा काशी विश्वनाथ मंदिर का निर्माण, काशी के केदार घाट पर कुमारगुरुपर द्वारा श्री कुमार स्वामी मठ की स्थापना और तमिल समाज की बाबा विश्वनाथ के प्रति आस्था इस रिश्ते की गहराई दर्शाती है। नई संसद में स्थापित सेंगोल भी तमिल आध्यात्मिक परंपरा और भारतीय लोकतांत्रिक मूल्यों के ऐतिहासिक संबंध का प्रतीक है।
उन्होंने काशी के विकास के चार स्तंभों—ज्ञान, अध्यात्म, कनेक्टिविटी और अर्थव्यवस्था—का उल्लेख किया। बीएचयू और आईआईटी मद्रास के बीच शैक्षणिक सहयोग को ज्ञान के आदान-प्रदान का उदाहरण बताते हुए उन्होंने कहा कि काशी-प्रयागराज-अयोध्या आध्यात्मिक पर्यटन को नई ऊंचाई दे रहा है। एयर, रोड, रेल, रोपवे और रिवर कनेक्टिविटी से काशी की पहुंच आसान हुई है, जबकि हेरिटेज, हॉस्पिटैलिटी और हाईटेक के जरिए स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि काशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण के बाद चार वर्षों में 26 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए, जिनमें करीब 70 प्रतिशत दक्षिण भारत से आए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने लगभग 25 हजार करोड़ रुपये की लागत वाली दो एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजनाओं को मंजूरी दी है। देश की पहली शहरी रोपवे परियोजना का निर्माण भी काशी के भविष्य को नई दिशा दे रहा है।
तिरुक्कुरल के 1330 दोहों में नैतिक जीवन और सुशासन का संदेश: उपराष्ट्रपति
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने कहा कि काशी और तमिलनाडु का संबंध सदियों पुराना है। करीब 450 वर्ष पहले नट्टुकोट्टई नगरत्तार समाज और तमिल बुनकरों का काशी में आकर बसना इस सांस्कृतिक जुड़ाव का प्रमाण है। महाकवि सुब्रमण्यम भारती ने भी काशी में रहकर शिक्षा प्राप्त की और अपने विचारों से राष्ट्रीय चेतना को नई दिशा दी।
उपराष्ट्रपति ने काशी तमिल संगमम के पिछले चार संस्करणों की उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पहले संस्करण में दोनों क्षेत्रों के ऐतिहासिक संबंधों को पुनर्जीवित करने और तिरुक्कुरल को विभिन्न भाषाओं में पहुंचाने का प्रयास हुआ। दूसरे संस्करण में शिक्षा, कला, साहित्य और तकनीक का आदान-प्रदान हुआ। तीसरे संस्करण में महर्षि अगस्त्य की ज्ञान परंपरा और चौथे संस्करण में ‘आओ तमिल सीखें’ पहल पर जोर दिया गया। पांचवां संस्करण संत तिरुवल्लुवर के दर्शन और तिरुक्कुरल के व्यावहारिक अध्ययन को समर्पित है।
उन्होंने कहा कि तिरुक्कुरल के 1330 दोहों में नैतिक जीवन, सदाचार, सामाजिक समरसता और उत्तम शासन की सीख है, जो आज भी प्रासंगिक है। यह ग्रंथ अब 50 भाषाओं में उपलब्ध है। उपराष्ट्रपति ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था और विकास के क्षेत्र में हुए बदलावों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सुरक्षित वातावरण और मजबूत आधारभूत ढांचा विकास की महत्वपूर्ण शर्त हैं।
एक हजार से अधिक शिक्षण संस्थानों में होगा तिरुक्कुरल का अध्ययन
इस संस्करण में शिक्षा और शोध को विशेष महत्व दिया गया है। देश के एक हजार से अधिक उच्च शिक्षण संस्थानों को जोड़कर विद्यार्थियों को तिरुक्कुरल के 1330 दोहों के अध्ययन और शोध से जोड़ा जाएगा। तमिलनाडु के करीब 50 शिक्षक उत्तर प्रदेश के विद्यालयों और महाविद्यालयों में जाकर विद्यार्थियों को तिरुक्कुरल की शिक्षाओं से परिचित कराएंगे। तमिलनाडु से आने वाले लगभग 1400 प्रतिनिधि काशी के साथ प्रयागराज और अयोध्या के धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का भी भ्रमण करेंगे। काशी तमिल संगमम का पांचवां संस्करण 12 दिसंबर तक चलेगा। समापन समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
नमो घाट पर आयोजित समारोह में काशी और तमिलनाडु के ऐतिहासिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक संबंधों को रेखांकित किया गया। आयोजन के जरिए तमिलनाडु से आए अतिथियों के स्वागत-सत्कार और बेहतर आतिथ्य व्यवस्था सुनिश्चित करने का आह्वान भी किया गया।

