पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने राजपत्रित अधिकारियों को दिए निर्देश, ड्यूटी में लापरवाही पर तय होगी जवाबदेही

वाराणसी। भारत के उप राष्ट्रपति और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के प्रस्तावित वाराणसी दौरे को सकुशल और सुरक्षित संपन्न कराने के लिए पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने पुलिस लाइन स्थित ब्रीफिंग हॉल में राजपत्रित पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित समय से पहले ड्यूटी स्थल पर पहुंचने और पूरी सतर्कता के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए। ब्रीफिंग के दौरान वीआईपी सुरक्षा, निर्धारित रूट, कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा, यातायात संचालन, भीड़ नियंत्रण और आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों पर चर्चा हुई। पुलिस आयुक्त ने निर्देश दिया कि सभी प्रभारी अधिकारी अपने ड्यूटी स्थल पर तैनात पुलिसकर्मियों को उनके दायित्वों और सावधानियों की स्पष्ट जानकारी दें। ड्यूटी में किसी भी तरह की देरी या अनुपस्थिति स्वीकार नहीं की जाएगी।

उन्होंने वीआईपी रूट के प्रमुख चौराहों, तिराहों, गलियों, कट और लिंक मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने तथा लगातार निगरानी रखने को कहा। कार्यक्रम स्थल के प्रवेश और निकास द्वारों पर निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार जांच की जाएगी। महिला आगंतुकों की जांच महिला पुलिसकर्मियों द्वारा कराई जाएगी। पुलिस आयुक्त ने कार्यक्रम स्थल, वीआईपी रूट और संवेदनशील स्थानों पर ड्रोन, सीसीटीवी और रूफटॉप निगरानी के निर्देश दिए। होटल, ढाबों, गेस्ट हाउस और अन्य ठहरने वाले स्थलों की जांच व सत्यापन भी कराया जाएगा। संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को देने को कहा गया।

यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए जरूरत के अनुसार डायवर्जन और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल किया जाएगा। भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग और रस्सों की व्यवस्था करने के साथ आमजन तथा आपातकालीन वाहनों के आवागमन का ध्यान रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने और अधीनस्थ पुलिसकर्मियों की ड्यूटी व अनुशासन की निगरानी करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही या शिथिलता मिलने पर संबंधित की जवाबदेही तय कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post